Firozabad Storm News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान ने बड़ा हादसा कर दिया। थाना फरिहा क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते एक विशाल पेड़ ई-रिक्शा और बाइक पर गिर पड़ा। हादसे के समय ई-रिक्शा में 6 से 7 लोग सवार थे, जो पेड़ की चपेट में आ गए।
फिरोजाबाद में मौसम बना काल
5 लोगों की मौत
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
फिरोजाबाद में अगले पांच दिनों का मौसम
वहीं IMD का कहना फिरोजाबाद में 30 जून से अगले पांच दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। 30 जून से 3 जुलाई के बीच जिले में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
1 से 2 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों की तरह फिरोजाबाद में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। 4 और 5 जुलाई को भी रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है। हालांकि इस अवधि में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने से भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।
