Mumbai Mankhurd Chawl Collapse: मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार रात भारी बारिश के बीच, तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा ढह जाने से 6 लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। नगर निकाय के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, यह हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ। इस पूरी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मानखुर्द में हादसे के बाद इलाके से मलबा हटाने का काम जारी (फोटो- PTI)
बचाव अभियान शुरू हुआ
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए। इसके बाद, मुंबई अग्निशमन दल (एमएफबी), पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के वार्ड कार्यालय तथा 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल हादसे में घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। बता दें कि चॉल पुराने समय की कम लागत वाली आवासीय इमारतें होती हैं, जिनमें लंबी साझा बालकनी और एक-एक कमरे वाले छोटे आवास होते हैं।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- Mumbai News: मुंबई में इस दिन रहेंगे स्कूल-कॉलेज बंद, ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला
पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत
वहीं पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 18 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक और एक वरिष्ठ नागरिक की मौत हो गई। इसके साथ ही शहर में एक सप्ताह से भी कम समय में पेड़ गिरने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। नगर निकाय के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12.40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर पेड़ गिर गया। उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे यूनुस कुंदावाला को बाहर निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना में गोरेगांव पूर्व स्थित आरे कॉलोनी इलाके में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक पर पेड़ की एक शाखा गिरने से उसकी मौत हो गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर हुई थी, लेकिन इसकी सूचना अधिकारियों को रविवार को दी गई। उन्होंने बताया कि कुमार हसन रजा जहांगीर आलम सैयद अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी पेड़ की एक शाखा टूटकर उसके सिर पर गिर गई। अधिकारी ने बताया कि उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ये घटनाएं 30 जून को चेंबूर में हुई उस दुर्घटना के कुछ ही दिन बाद सामने आई हैं, जिसमें एक पेड़ चलती स्कूल बस पर गिर गया था। इस हादसे में 11 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
