Mansa Devi Stampede: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग में रविवार सुबह 9 बजे के लगभग भगदड़ मच गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं। पुलिस और मंदिर प्रशासन ने घायलों को हरिद्वार के जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां उनका इलाज चल रहा है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बहुत भीड़ जुट गई थी, जिस वजह से यह हादसा हुआ।
मंदिर के सीढ़ी मार्ग पर हुआ हादसा
छह लोगों की गई जान
बताया जा रहा है कि भीड़ के बीच करंट की अफवाह को लेकर अचानक अफरा तफरी की स्थिति हो गई, जिससे भगदड़ मच गई। हादसे में अबतक छह लोगों के मौत की पुष्टि हुई है और कई लोग घायल हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। एसपी सिटी पंकज गैरोला और नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। फिलहाल जिला अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल है, हरिद्वार के एसएसपी जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं।
हादसे पर CM ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखकर हादसे पर दुख जताया और मुआवजे का ऐलान किया, साथ ही ये भी जानकारी दी कि घटना के मजिस्ट्रियल जांच होगी। मुख्यमंत्री ने ये भी आश्वासन दिया है कि जांच में जो कोई भी दोषी पाया जाएगा, उसपर कार्रवाई होगी।
उन्होंने लिखा कि "हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।"
करंट की अफवाह से मची थी भगदड़
हरिद्वार भगदड़ पर SSP प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा, "हमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। लगभग 35 लोगों को अस्पताल लाया गया, 6 की मौत की पुष्टि हो चुकी है बाकी का इलाज चल रहा है।
आगे उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया, मंदिर मार्ग के सीढ़ियों पर बिजली का झटका लगने की अफवाह के कारण भगदड़ मची। हम आगे की जांच कर रहे हैं।"
