Hardoi: Google Map ने आफत में डाली जान, सीधे तालाब में जाकर फंसी कार; मिनटों में भड़की आग

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में आज सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें दिल्ली से आए एक व्यक्ति की कार गूगल मैप की गलत दिशा-निर्देश के कारण सीधे तालाब में जा फंस गई। थोड़ी ही देर में कार में आग लग गई और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए।

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कोतवाली देहात क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब गूगल मैप के गलत निर्देशों पर चलते हुए दिल्ली से आया एक व्यक्ति अपनी कार लेकर सीधे एक तालाब में जा फंसा। कुछ ही देर में वाहन में अचानक आग भड़क उठी और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार में मौजूद लैपटॉप, मोबाइल फोन और लाखों रुपये की नकदी जल चुकी थी।

मैप ने गलत दिशा दिखाई

सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली के राजेंद्र नगर निवासी राजन साहनी अपने परिवार के साथ हरदोई शहर अपने मामा डॉ. ए.के. नथानी के घर आए थे। बुधवार की सुबह वह न्यू सिविल लाइन क्षेत्र के पिहानी चुंगी में अपने दोस्त गोविंद से मिलने निकले। राजन साहनी ने गूगल मैप पर अपने दोस्त का पता डालकर रास्ता देखा, लेकिन मैप ने गलत दिशा दिखा दी। इसी वजह से उनकी कार सीधे एक तालाब में जा फंस गई। तालाब में कार के अगले पहिए फंस जाने के बाद उन्होंने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही समय में पूरी कार जलकर राख हो गई।

End of Feed