मैनपुरी में बेटे की हैवानियत, घर के बंटवारे में माता-पिता को कार से कुचलकर मारा, जिंदगी और मौत से जूझ रही बहन

Mainpuri News: आरोपी ने कार से टक्कर मारने के बाद माता-पिता और बहन तीनों को दोबारा कुचल दिया। इस घटना में अजीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अख्तरी और गुलफशा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक कलयुगी बेटे ने कथित तौर पर कार से कुचलकर अपने माता-पिता की हत्या कर दी, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, दिवनपुर साहनी गांव निवासी अरमान का अपने पिता अजीम खान और मां अख्तरी के साथ घर के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था।

AI (21)

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

घर के बंटवारे ने लिया खूनी विवाद का रूप

विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर किशनी थाने बुलाया। पुलिस ने बताया कि अरमान अपनी पत्नी के साथ पहले ही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा चुका था। इसके बाद उसके पिता अजीम खान अपनी पत्नी अख्तरी और बेटी गुलफशा के साथ मोटरसाइकिल से थाने पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, थाने से घर लौटते समय गपकापुर चौराहे के पास अरमान कार लेकर पहुंचा और अजीम की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।

जिंदगी और मौत से जूझ रही बहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद आरोपी ने कार से तीनों को दोबारा कुचल दिया। इस घटना में अजीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अख्तरी और गुलफशा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए सैफई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अख्तरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुलफशा की हालत गंभीर बनी हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अजीम व अख्तरी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं तथा मामले की जांच की जा रही है।

End Article
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखत...

End of Feed