Shreyas Talpade Fraud Case: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में फिल्म अभिनेता श्रेयस तलपड़े के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। श्रेयस तलपड़े समेत 12 लोगों निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
फिल्म अभिनेता श्रेयस तलपड़े (फोटो साभार: https://www.instagram.com/p/DTayv43jOkP)
समाचार एजेंसी एएनआई ने अभिनेता श्रेयस तलपड़े के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की एक कॉपी शेयर करते हुए बताया कि मामला 10 फरवरी, 2026 को मैनपुरी के भोगांव थाने में दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
बकौल एएनआई, भोगांव के मोहल्ला मिश्राना के रहने वाले एक व्यक्ति ने फिल्म अभिनेता और उनके साथियों पर निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि श्रेयस तलपड़े ने अपने साथियों के साथ मिलकर कस्बे के मोहल्ला मिश्राना में मौजूद मुंबई की एक बैंक ब्रांच में निवेश के नाम पर गांव वालों से लाखों रुपये की ठगी की है।
सागा ग्रुप के खिलाफ कार्रवाई की मांग
मोहल्ला मिश्राना निवासी विकास तिवारी ने समीर अग्रवाल, उनकी पत्नी सानियां अग्रवाल और फिल्म अभिनेता श्रेयस तलपड़े सहित सागा ग्रुप के 11 लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने 'द लोनी अर्बन मल्टी-स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी' के माध्यम से उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड में निवेश की विभिन्न लुभावनी योजनाएं चलाकर लोगों को अधिक ब्याज का लालच दिया।
पीड़ित का आरोप है कि इस गिरोह ने नामचीन शहरों में शाखाएं खोलकर आरडी, एफडी और सुकन्या जैसी योजनाओं के नाम पर प्रार्थी विकास तिवारी सहित राशिद, संदीप कुमार, राजेश कुमार और अजय शर्मा जैसे दर्जनों लोगों से भारी निवेश कराया। जांच में सामने आया कि समीर अग्रवाल के नेतृत्व में यह ग्रुप कथित तौर पर हवाला के जरिए जमा राशि को दुबई और अन्य स्थानों पर ठिकाने लगा रहा था, जिसमें कई वरिष्ठ स्टाफ और कानूनी सलाहकार भी शामिल बताए गए हैं।
