Pune News: विमान नगर के एरो मॉल स्थित 'दि हौज कम्यून- बार एंड ईटरी' पर क्राइम ब्रांच ने तड़के करीब साढ़े तीन बजे बड़ी कार्रवाई की। देर रात तक पब के संचालन और बिना अनुमति पार्टी आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पब प्रबंधन में हड़कंप मच गया। ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच के करीब 25 अधिकारी शामिल थे। पूरी कार्रवाई को इस तरह से अंजाम दिया गया कि पब प्रबंधन को इसकी भनक पहले से न लग सके। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि देर रात तक पब किसकी अनुमति और जिम्मेदारी पर चल रहा था और पार्टी के आयोजन में कौन-कौन लोग शामिल थे।
क्राइम ब्रांच ने की गुपचुप रेड
पुलिस उपायुक्त क्राइम ब्रांच गौहर हसन ने कहा, “यह लाइसेंस के उल्लंघन का मामला है। देर रात तक यह पब चालू था और पार्टी के लिए किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। विमान नगर के एरो मॉल स्थित दि हौज कम्यून- बार एंड ईटरी के संबंध में रात करीब साढ़े तीन बजे क्राइम ब्रांच की ओर से कार्रवाई की गई। इसमें क्राइम ब्रांच के 25 अधिकारी शामिल थे।” गौहर हसन ने आगे कहा, करीब 8 लोगों को आरोपी बनाया जाएगा, जो मैनेजमेंट से जुड़े हुए हैं।”
पुलिस के इस बयान के बाद अब मामले की जांच का फोकस पब के मैनेजमेंट और संचालन से जुड़े लोगों पर है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पार्टी के लिए आवश्यक अनुमति क्यों नहीं ली गई और निर्धारित समय के बाद भी पब का संचालन किसके निर्देश पर जारी था। क्राइम ब्रांच की अचानक हुई कार्रवाई ने ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालकों की चिंता बढ़ा दी है, जहां नियमों की अनदेखी कर देर रात तक गतिविधियां जारी रहती हैं।
फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मैनेजमेंट से जुड़े करीब 8 लोगों को आरोपी बनाए जाने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
