Maharashtra Rain: महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे, नासिक समेत कई जिलों में मानसूनी बारिश कहर बरपा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। जिसने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित किया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई और आसपास के इलाकों में अब बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी, लेकिन आज भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नासिक, पुणे और पालघर में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तटीय इलाकों में भी चेतावनी जारी की गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
पुणे में कई इलाके जलमग्न, महाराष्ट्र के बारिश बनी आफत!
मुंबई में आज तेज बारिश का येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई में मंगलवार की तुलना में बुधवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। फिलहाल शहर के लिए भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है, साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं पड़ोसी जिले में तेज बारिश का ठाणे में ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मुंबई में मध्यम बारिश जारी रहेगी, लेकिन अत्यधिक बारिश की संभावना कम हो जाएगी।
जुलाई के पहले सप्ताह में रिकॉर्ड बारिश
मुंबई और उसके उपनगरों में इस साल जुलाई की शुरुआत में रिकॉर्ड तोड़ बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 7 जुलाई के बीच कुलाबा मौसम केंद्र पर 880.6 मिमी और सांताक्रूज मौसम केंद्र पर 988.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, यह सामान्य से काफी अधिक है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव भी हुआ, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
पालघर और घाट क्षेत्रों में अब भी ज्यादा खतरा
मौसम विभाग ने बताया कि पालघर, नासिक और पुणे के घाट क्षेत्रों में आज भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। लोनावला में पिछले 48 घंटों में 600 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। नासिक के घाट क्षेत्रों में बादल फटने की आशंका जताई गई है। IMD ने इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को बेवजह यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।
बारिश की तीव्रता होगी कम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय वेदर सिस्टम अब उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। जिसकी वजह से अब महाराष्ट्र में धीरे-धीरे बारिश की तीव्रता कम होगी। बुधवार से अधिकांश जिलों में सामान्य से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पालघर में अलर्ट जारी रहेगा, जबकि पुणे के घाट क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।
समुद्र में ऊंची लहरों को लेकर रेड अलर्ट
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने महाराष्ट्र के समुद्री तट के लिए 8 जुलाई की रात तक रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान समुद्र में 4.8 से 5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के तटीय इलाकों में लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने को कहा गया है। साथ ही बीच वॉटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर
लगातार बारिश के कारण नदी-नाले भी उफान पर बह रहे हैं। कोंकण क्षेत्र की अंबा, सावित्री और जगबुडी नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं। वहीं कुंडलिका और पिंजल नदियां भी चेतावनी स्तर के ऊपर बह रही हैं। प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है।
राज्य में बारिश से दो लोगों की मौत
महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (MSDMA) के अनुसार, बारिश से जुड़ी घटनाओं में पिछले 24 घंटों के दौरान दो लोगों की मौत हुई है। जिसमें सतारा में लैंडस्लाइड के कारण एक व्यक्ति की जान गई। वहीं नंदुरबार में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके अलावा ठाणे और मुंबई में पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने, समुद्र के किनारे न जाने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। आपदा राहत टीमें संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
