Maharashtra News: महाराष्ट्र में गैस संकट का सामना कर रहे होटल और रेस्तरां कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है। अब व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मिलने वाली पाइप से आने वाली प्राकृतिक गैस (PNG) की सप्लाई 20 प्रतिशत बढ़ा दी गई है। इस कदम से गैस की कमी से बंद हो रहे होटल अब फिर खुल सकेंगे और उनका कारोबार फिर पटरी पर लौट सकेगा।
सांकेतिक फोटो (AI Image)
आज से PNG सप्लाई बढ़कर 50 प्रतिशत हुई
महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने बताया कि यह नया फैसला 23 मार्च से लागू हो गया है और अगले आदेश तक जारी रहेगा। इस बढ़ोतरी के बाद अब व्यवसायिक इस्तेमाल के लिए गैस की कुल सप्लाई बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगी। जिससे खासतौर से होटल, रेस्तरां और छोटे भोजनालयों को बड़ी राहत मिलेगी। इस कदम से उम्मीद है कि होटल इंडस्ट्री फिर से सामान्य स्थिति में लौटेगी।
गैस सप्लाई में लगातार किया जा रहा इजाफा
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद व्यावसायिक गैस की सप्लाई प्रभावित हुई। जिसका सीधा असर होटल इंडस्ट्री पर पड़ा। इस कारण कई रेस्तरां और भोजनालयों को गैस की कमी के चलते अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था। सरकार ने इस समस्या को देखते हुए पहले भी गैस सप्लाई में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की थी। शुरुआत में इसे 20 प्रतिशत बढ़ाया गया, फिर 10 प्रतिशत और बढ़ा दिया गया। अब एक बार फिर इसमें 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे हालात में सुधार आने की उम्मीद है।
अब कारोबारियों की मुश्किलें होंगी कम
होटल इंडस्ट्री की ओर से लगातार रेस्तरां और भोजनालयों को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की जा रही थी। उनका कहना था कि गैस की कमी से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भुजबल ने पहले कहा था कि घरेलू उपयोग को प्राथमिकता देने संबंधी केंद्र सरकार की सलाह के बाद होटल मालिकों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर राज्य सरकार विचार करेगी।
(इनपुट - भाषा)
