महाराष्ट्र FDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मुंबई के रेडियो क्लब और मैकडॉनल्ड्स समेत 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड

महाराष्ट्र FDA ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर राज्यभर में बड़ी कार्रवाई की है। दक्षिण मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और मैकडॉनल्ड्स समेत 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जांच के दौरान कई जगह गंदगी, कॉकरोच-मक्खियां, खाद्य सामग्री के गलत भंडारण और स्वच्छता मानकों में गंभीर खामियां सामने आईं।

Maharashtra FDA Action: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने फूड सेफ्टी और स्वच्छता मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर दक्षिण मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और एक मैकडॉनल्ड्स आउटलेट समेत राज्य के 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे (Tukaram Mundhe) के मई में एफडीए आयुक्त का पद संभालने के बाद से ही एफडीए ने खाद्य सुरक्षा और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, एफडीए ने हाल में चलाए गए अपने विशेष अभियान के तहत राज्य में कुल 89 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया। इनमें से 71 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 13 प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबार लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

Maharashtra FDA Food Safety Action

महाराष्ट्र FDA ने एक बार फिर कसा खाद्य प्रतिष्ठानों पर शिकंजा (प्रतीकात्मक फोटो)

किचन में मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच

बयान के मुताबिक, 19 अगस्त को निरीक्षण के दौरान रेडियो क्लब में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मानकों में 47 प्रतिशत उल्लंघन पाए गए। एफडीए ने निलंबन अवधि में क्लब को खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री और वितरण रोकने का निर्देश दिया है। क्लब की रसोई में बड़ी संख्या में जीवित मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा खाद्य सामग्री को सीधे फर्श पर रखने, रसोई क्षेत्र के पास रसायन रखने और खाद्य तैयारी वाले स्थान के ऊपर उखड़ा हुआ पेंट और प्लास्टर पाए जाने की बात कही गई है। दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मैकडॉनल्ड्स रेस्तरां का एफएसएसएआई लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एफडीए ने कहा कि 19 अगस्त को दोबारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि पहले जारी सुधार नोटिस में दर्ज 20 में से 18 कमियां दूर नहीं की गई हैं।

End of Feed