लखनऊ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने खुद को कनाडा निवासी एनआरआई की मां बताकर उसकी पुश्तैनी जमीन धोखाधड़ी से बेच दी। पीड़िता सीमा हैदर ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ कोर्ट में एफआईआर दर्ज कराई है।
लखनऊ में जमीन धोखाधड़ी का मामला (सांकेतिक फोटो)
सीमा के अनुसार, उनके पिता गुलाम अलाउद्दीन हैदर का निधन 14 जनवरी 2020 को हो गया था। इसके बाद अमीनाबाद निवासी रुसदा खातून ने खुद को सीमा की मां बताकर गोसाईंगंज स्थित पुश्तैनी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के सहारे 17.51 लाख रुपये में बेच दिया।
दरअसल, सीमा के पिता ने वर्षों पहले रुसदा को अपने घर में देखभाल के लिए रखा था। सीमा का आरोप है कि रुसदा ने अपने बेटे आतिफ के साथ मिलकर 30 दिसंबर 2021 को फर्जी दस्तावेज तैयार किए, जिसमें उसने खुद को गुलाम अलाउद्दीन की पत्नी बताया।
इसके आधार पर रुसदा ने 2021 से 2022 के बीच जमीन को कई बार बेचा। जब सीमा ने अपनी मित्र चिंकी तुली की मदद से कानूनी कार्रवाई की कोशिश की, तो 19 नवंबर 2024 को आरोपियों ने चिंकी पर हमला कर दिया। मामला अब पुलिस के संज्ञान में है और जांच जारी है।
