Ayodhya Vande Bharat Express: अयोध्या से आनंद विहार तक दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें कब से आप कर सकते हैं यात्रा

अयोध्या राम मंदिर के दर्शन के लिए उतावले लोगों के लिए लगातार खुशखबरी सामने आ रही हैं। अब जल्द अयोध्या से आनंद विहार वाया लखनऊ जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी।

अयोध्या: राननगरी में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। 22 जनवरी को मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होना तय है। उससे पहले अयोध्या को सभी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। एक ओर जहां फोरलेन सड़क और एयरपोर्ट जल्द शुरू होने वाले हैं, वहीं अब अयोध्या से आनंद विहार वाया लखनऊ जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ती नजर आएगी। इसके नए रैक का आवंटन रेल कोच फैक्टरी से उत्तर रेलवे को हो गया है। 16 दिसंबर को यह रैक सौंपा जाएगा। ट्रेन में आठ कोच होंगे। इसकी समयसारिणी बनाई जा रही है।

Ayodhya Vande Bharat Express

वंदे भारत एक्सप्रेस

सुबह चलेगी वंदे भारत

दरअसल, मंदिर निर्माण के बाद भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। लिहाजा, यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े, इसके लिए बड़े पैमाने पर रोड, रेल और हवाई सुविधा को मजबूत किया जा रहा है। अब शताब्दी व तेजस एक्सप्रेस के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए रूट बनाने की चुनौती से रेलवे अफसरों को गुजरना होगा। रेलवे बोर्ड के एक सीनियर अफसर ने बताया कि आनंद विहार से लखनऊ होकर अयोध्या की दूरी वंदे भारत आठ घंटे में तय करेगी। ट्रेन सुबह के समय चलाए जाने की संभावना हैं। चूंकि, अयोध्या में अभी वंदे भारत के प्राइमरी मेंटनेंस की सुविधा नहीं है, इसलिए सुबह आनंद विहार से ट्रेन को चलाकर दोपहर में अयोध्या से वापसी की जा सकती है। अगर, वंदे भारत शाम को आनंद विहार से चलाई गई तो यह रात में अयोध्या पहुंचेगी, जहां उसकी मेंटेनेंस नहीं हो सकेगी।

End of Feed