UP Weather Today: यूपी का मौसम दिन-प्रतिदिन तेजी से बदल रहा है। न्यूनतम तापमान गिरने के साथ प्रदेश में अब सुबह-शाम ठंडक का अहसास होने लगा है। हालांकि दिन में धूप निकलने के साथ तापमान में वृद्धि होती है और गर्मी भी महसूस हो रही है, लेकिन सुबह-शाम की ठंडक से लोगों को राहत मिल रही है। घरों में एसी-कूलर बंद होने लगे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि यूपी में आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आएगी। जल्द ही प्रदेश में ठंड की शुरुआत होगी। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, दिवाली-छठ महापर्व तक प्रदेश में ठंड की शुरुआत हो जाएगी। फिलहाल प्रदेश का मौसम साफ रहेगा। कहीं भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी में गुलाबी ठंड की दस्तक
यूपी का मौसम साफ बना हुआ है। मानसून के जाने के बाद प्रदेश में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। लेकिन फिर एक बार बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को राहत मिली। बारिश के थमने के बाद से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। गिरते तापमान के कारण यूपी में सुबह-शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। दोपहर में धूप खिलने से तापमान में वृद्धि होती है, लेकिन शाम होते-होते तापमान गिरने लगता है। एसी-कूलर छोड़ अब लोग पंखे पर आ गए हैं। पंखे में भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
यूपी में कब आएगी ठंड
यूपी में मौसम के मिजाज को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल ठंड दिवाली-छठ पर्व तक आ जाएगी। पिछले साल की बात करें तो दिसंबर के पहले सप्ताह तक प्रदेश में कई जिलों में भीषण ठंड का नामोनिशान नहीं था। उस साल यूपी में गुलाबी ठंड से मौसम सुहावना बना हुआ था। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस साल यूपी में भीषण ठंड पड़ने वाली है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी की वेदर रिपोर्ट के अनुसार, 20 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक पूर्वी व पश्चिमी हिस्से का मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह-शाम में तापमान में कमी आएगी। दोपहर में धूप खिली रहेगी।
