Highlight
- आगरा बुधवार को सबसे गर्म जिला
- आगरा का तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
- कानपुर में आंधी के साथ हुई बारिश
- 15 अप्रैल तक यूपी में आंधी बारिश के आसार
- वाराणसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला
यूपी मौसम
UP Weather Today: यूपी में मौसम ने करवट ले ली है। कई जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 10 अप्रैल से कानपुर समेत कई जिलों में बारिश ने दस्तक दे दी है। वहीं, 13 और 14 अप्रैल तक प्रदेश में सभी जिलों में बारिश से मौसम सुहावना होने वाला है, लेकिन किसानों का गुणा गणित पूरी तरह बिगाड़ता दिखाई दे रहा है। खासकर, रबी की फसल में गेहूं की फसल की कटाई-मड़ाई का महीना चरम पर है। अगर, ऐसे में बारिश और आंधी दस्तक देती है तो व्यापक तौर पर फसलों के नुकसान के आसार हैं। हालांकि, बारिश से भीषण गर्मी से राहत जरूर मिलेगी। उधर, सूरज के तेवर और धूप-गर्मी से बचने के लिए लोग पंखे, कूलर और एसी का प्रयोग करने लगे हैं। वहीं, मौसमी बीमारियों ने भी हर घर में डेरा डाल रखा है। बदलते मौसम में लोग सीजनल बीमारी जैसे- जुकाम, बुखार, जी मितलाना और उल्टी दस्त जैसी समस्या से परेशान हैं। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की संख्या रोजाना बढ़ती जा रही है। लिहाजा, डॉक्टरों ने सभी को धूप से बचने और एहतियात बरतने की सलाह दी है।
कानपुर-आगरा में आंधी बारिश
मौसम विभाग ने 9 अप्रैल को ही पूर्वानुमान जारी करते हुए 10 से 15 अप्रैल तक पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया था। इस बीच तेज हवाओं और आसमान में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है। इसी क्रम में बुधवार मध्य यूपी में कानपुर में बुधवार की शाम होते ही धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई। गरज चमक के साथ करीब आधे घंटे तक पानी गिरता रहा। तेज आंधी के चलते बिजली के तार टूट गए, जिससे कई जगह खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे कई बीघे फसल जलकर राख हो गई जिससे किसानों का भारी नुकसान हुआ है। उधर, आगरा में दिन में भीषण गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ शहर से लेकर देहात तक बारिश हुई। अब पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी यूपी में बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
अच्छी बारिश के संकेत
कानपुर स्थित चंद्रशेखर कृषि विश्वविद्यालय ने अगले 2 दिन अच्छी बारिश के संकेत दिए हैं। उधर, लखनऊ मौसम विज्ञान के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने भी बारिश की बात कही है। उन्होंने कहा कि मौसम करवट लेने के साथ 14 से 15 अप्रैल तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जाएगी। इस दौरान बादलों की आवाजाही से मौसम के तेवर नर्म रहेंगे। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से झमाझम बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी से लेकर पूर्वी यूपी तक बारिश की आशंका है और कई जगह रुक-रुककर बारिश हो भी रही है। ये क्रम लगभग पूरे अप्रैल महीने बीच-बीच में देखने को मिलेगा, जिससे ये महीना सुकून से बीत जाएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि साल 2023 में मई के महीने तक मौसम सक्रिय रहा था, जिससे गर्मी के शुरुआती महीने में लोगों को गर्मी से पूरी तरह छुट्टी मिल गई थी।
तेज हवाएं करेंगी परेशान
बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश से सटे हुए जिले समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही राजधानी लखनऊ में हल्की बारिश के साथ ठंडी और तेज हवाएं गर्मी से राहत देने वाली हैं। उधर, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर और सहारनपुर मेरठ क्षेत्र में भी बारिश की स्थिति बन चुकी है। मौसम विभाग ने 15 अप्रैल तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में कुछ जगहों पर बादल गरजने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
किन जिलों का कितना तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में अधितकम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, कानपुर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, बाराबंकी, वाराणसी, बलिया, बहराइच और प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 20 से लेकर 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस रहेगा। उधर, फतेहपुर, बांदा, सुलतानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, बस्ती, उरई, हमीरपुर और महोबा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
इन जिलों में गर्मी से राहत
वहीं, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, मेरठ, शाहजहांपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर और इटावा में अधिकतम तापमान 33 से 34 और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। साथ ही आजमगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, कन्नौज, सहारनपुर और हरदोई जिलों में अधिकतम 32 से 34 और न्यूनतम 15 से 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है।
