UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28-September-2025: उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई की शुरुआत हो चुकी है। जिसके साथ ही बारिश की गतिविधियों में भी कमी आई है। फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है, जिसके चलते तेज धूप के कारण गर्मी फिर से सताने लगी है। हालांकि कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश भी देखने को मिल रही है। बीते दिन भी लखनऊ समेत कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश दर्ज की गई। आज भी यूपी के 19 जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। जिससे गर्मी से भी हल्की निजात मिलने की उम्मीद है।
यूपी का मौसम
यूपी में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आज प्रदेश में अलीगढ़, मथुरा, हापुड़, आगरा, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कन्नौज, औरेया, जालौन, इटावा, झांसी, हमीरपुर, ललितपुर, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बांदा और चित्रकूट में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
यूपी में आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
यूपी में सोमवार 29 सितंबर को भी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में 2 अक्टूबर कहीं-कहीं छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान कहीं भी तेज बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। वहीं तापमान की बात करें तो यूपी में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं।
यूपी में कहां-कहां हुई बारिश
यूपी में शनिवार को दिनभर तेज धूप निकली रही। साथ ही गर्मी ने भी लोगों को खूब सताया। हालांकि शाम के बाद मौसम में अचानक बदलाव हुआ। जिससे प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली। इस दौरान लखनऊ में 3.6 मिमी और इटावा में 3 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं यूपी में शनिवार को ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दिन सबसे अधिक तापमान मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बस्ती, मुरादाबाद और बरेली में रहा।
