UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने लगा है। ऐसा माना जा रहा है कि अब मानसून विदा लेने वाला है। प्रदेश में बारिश का दौर थमने लगा है। कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। बारिश का दौर थमने से उमस वाली चिपचिपाती गर्मी बढ़ने लगी है। आगामी दिनों में भी इस गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 72 घंटों में तो बारिश होने की संभावना कम है, लेकिन कई स्थानों पर हल्की बौछार पड़ सकती है। यह गर्मी को कम करने की बजाए बढ़ाएगी। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल -
यूपी में मौसम का हाल (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में दिन भर बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। इस बीच धूप खिली रहेगी और उमस वाली गर्मी के साथ तापमान भी बढ़ेगा। प्रदेश के कई जिलों में आज तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इन जिलों में बारिश होने की संभावना 30 प्रतिशत जताई गई है।
यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान लखनऊ की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बिजनौर, बरेली, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बदायूं, संभल, रामपुर, अमरोहा, बागपत, बुलंदशहर और अलीगढ़ में हल्की से मध्यम स्तर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही इन सभी जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। बता दें कि सुबह नोएडा और उसके आसपास के जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश दर्ज की गई है।
21 अगस्त को हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 21 अगस्त को हल्की बारिश या बौछार पड़ने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मौसमी गतिविधियों के कमजोर होने के कारण बारिश में कमी आई है। 3 से 4 दिन बाद यूपी में फिर बारिश का दौर शुरू होगा।
