UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13-June-2025: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का डबैल अटैक जारी है। लेकिन जल्द ही बारिश की दस्तक के साथ ही मौसम बदलने वाला है। यूपी में आज कहीं बारिश और कहीं लू के थपेड़े पड़ने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार आज 30 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं संग बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई जिलों में हीटवेव का कहर भी जारी रहने वाला है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने करीब 20 से ज्यादा जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है। यूपी में 14 से 18 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
आज यूपी का मौसम
कहीं बारिश-कहीं लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी यूपी में दिन के समय लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर बारिश होने की भी संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वी यूपी में भी आज बारिश के आसार जताए गए हैं। साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगहों पर लू को लेकर भी येलो अलर्ट है।
यूपी में आज इन जिलों में अलर्ट
यूपी में आज सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में तेज हवाओं संग बारिश की संभावना है। वहीं झांसी, इटावा, जालौन, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, फिरोजाबाद, आगरा, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बागपत और मुजफ्फरनगर में लू का अलर्ट है।
बारिश दिलाएगी लू से राहत
उत्तर प्रदेश में बारिश के आगमन से लू से राहत मिलने की उम्मीद है। 14 जून को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में लू को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। 15 जून से प्रदेश में कहीं भी हीटवेव का अलर्ट नहीं है। हालांकि तेज हवाओं संग बारिश होने की संभावना है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट है। 18 जून तक यूपी में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। यूपी में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने के आसार नहीं है। जिसके बाद धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री पारा नीचे लुढ़क सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 34 घंटे बाद धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
