UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 02-November-2025: उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार उलटफेर जारी है। चक्रवात मोंथा और अरब सागर के कम दबाव के क्षेत्र के बाद डिप्रेशन के प्रभाव से प्रदेश में बीते दिनों में बारिश का मौसम देखने को मिला। इस दौरान कानपुर, गोरखपुर समेत यूपी के कई हिस्सों में बारिश हुई। पूर्वी हिस्से में कई जगहों पर बारिश से धान की फसल भी बर्बाद हो गई। हालांकि अब प्रदेश में मौसम फिर से साफ हो गया है। लेकिन जल्द ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ यहां के मौसम को प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 3 नवंबर की रात पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। जिससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
आज यूपी का मौसम
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम साफ रहने के आसार हैं। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 3 नवंबर को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। कहीं भी तेज हवा चलने या बारिश की उम्मीद नहीं है। इस दौरान दिन में तेज धूप निकलने के आसार हैं। जिससे तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में अचानक 3 से 5 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। 4 नवंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा यूपी का मौसम!
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 नवंबर तक इस माह का पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिसके प्रभाव से पहाड़ों पर मौसम बदलने से यूपी में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। इससे पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने पर मैदानी इलाकों में हल्की सर्दी बढ़ने की भी संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी पहाड़ों से सर्दी लेकर मैदानी इलाकों में आती है। ऐसे में यूपी में एक बार फिर से मौसम बदलने की संभावना है।
