UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। यहां तपती-जलती गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही प्रदेश में बारिश दस्तक देने वाली है। लखनऊ समेत कई इलाकों में शनिवार से ही बादलों की आवाजाही का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग क अनुसार 7 मई को यूपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। आज के मौसम की बात करें तो 5 मई की रात से प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। कहीं-कहीं पर ये हवाएं आंधी का रूप भी ले सकती हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
प्रयागराज रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को यूपी का सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा यूपी के अन्य जिलों में वाराणसी का तापमान 41.8, झांसी का 41.7, फतेहपुर का 41.2, अलीगढ़ का 41 और हमीरपुर का 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम शुष्क रहने वाला है। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों मे 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कल पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कल पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आने वाले दिनों में यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में 7 मई को बारिश होने के आसार हैं। इस दिन पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भी इस दिन बारिश होने की संभवाना है। इसके साथ ही पूर्वी यूपी में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाओं के चलने के भी आसार हैं। इन हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रह सकती है। वहीं 8 मई को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। 9 और 10 मई को भी बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछार भी पड़ सकती है।
