Sitapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। उत्तराखंड से मरीज को यूपी के बनारस लेकर जा रही एक एंबुलेंस राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सड़क के किनारे खड़ी एक महिला व एंबुलेंस में सवार मरीज और चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों को हादसे की सूचना देने के लिए मृतकों की पहचान की जा रही है।
सीतापुर में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलटी (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक हादसे का शिकार हुए दो ही लोगों की पहचान हो पाई। मृतक की पहचान देहरादून निवासी विशाल पांडेय, एंबुलेंस चालक गुरमीत के रूप में की गई है। दो अन्य मृतकों की शिनाख्त जारी है। हादसे में दो लोगों घायल हुए हैं, जिसमें से एक व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा थाना अटरिया क्षेत्र के हिन्द मेडिकल कॉलेज के सामने हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
