यूपी में पिछले कुछ दिनों से बंद चल रहे लखनऊ चिड़ियाघर और इटावा लायन सफारी को आज से फिर खोल दिया गया है। यूपी के चिड़ियाघरों को करीब 15 दिन पहले बर्ड फ्लू से बचाव के लिए बंद किया गया था। अब गुरुवार से जू को अपने निर्धारित समय पर खोला जाएगा। हालांकि अभी गोरखपुर और कानपुर के चिड़ियाघर बंद ही रहेंगे। इन्हें अग्रिम आदेश तक बंद किया गया है।
लखनऊ जू और इटावा लायन सफारी आज से फिर खुले
कानपुर-गोरखपुर में हुई थी बर्ड फ्लू की पुष्टि
गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान व कानपुर प्राणि उद्यान में बर्ड फ्लू (एविएन इंफ्लूएंजा-एच-5) की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद प्रदेश के सभी चिड़ियाघरों और लायन सफारियों को बंद कर दिया गया था। लेकिन आज से लखनऊ जू और इटावा लायन सफारी अपने तय समय पर फिर से खुलेंगे। इसके लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव अनुराधा वेमूरी ने बुधवार को आदेश जारी किए। उन्होंने बताया कि गुरुवार से नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ जू) को दर्शकों के लिए खोला जाएगा। साथ ही इटावा लायन सफारी भी खुल जाएगा।
लखनऊ जू में नहीं मिला बर्ड फ्लू केस
गोरखपुर और कानपुर जू में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद लखनऊ जू को एहतियात के तौर पर 27 मई तक के लिए बंद किया गया था। इस दौरान लखनऊ जू में बर्ड फ्लू का कोई केस नहीं मिला। जू की निदेशक अदिति शर्मा ने बताया कि दो सप्ताह चिड़ियाघर बंद रहने के दौरान सभी वन्य जीवों की सघन निगरानी की गई। लेकिन कोई भी बर्ड फ्लू का मामला सामने नहीं आया। उन्होंने बताया कि जू की साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखा जाएगा। साथ ही जरूरी दिशा-निर्देशों का भी पूरा पालन होगा।
