Lucknow News: लखनऊ में लगातार हो रही बारिश के चलते गोलागंज में एक इमारत का आगे का हिस्सा धंस गया। इसके बाद पुलिस व जिला प्रशासन ने आसपास की चार इमारतों को खाली करा लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मूसलाधार बारिश के चलते कई बिल्डिंगों में दरार आ गई है, जिससे इनके गिरने का खतरा बना हुआ है।
लखनऊ नगर निगम
जानकारी के मुताबिक, गोलागंज में रॉकेट लॉन्ड्री के पीछे चल रहे निर्माण के चलते वहां खोदाई की गई है। यहां, करीब 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है, जिसके चलते आसपास के लोगों को बड़े हादसे का खतरा सता रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य नहीं है।
पुलिस को दी गई सूचना
गड्ढे की खोदाई से यहां बिल्डिंग गिरने का खतरा बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने चार इमरातों को खाली करा लिया है। मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया, आसपास की बिल्डिंगों को खाली कराया जा चुका है। बड़ी घटना ना हो इसके चलते जो हिस्सा धंस गया है उस पर भी काम किया जाएगा, यह कार्य क्षेत्र एलडीए का है। इसलिए इसमें जो भी उचित और वैधानिक कार्यवाही होगी वह लखनऊ विकास प्राधिकरण की द्वारा की जाएगी।
अवैध खोदाई पर फूटा लोगों का गुस्सा
वहीं, स्थानीय लोगों ने बिल्डिंगों के पास हो रही खुदाई करने वाले बिल्डरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डरों की ओर से अवैध तरीके से खोदाई की जा रही है, जिसके चलते आसपास के मकानों में दरारें आ गई हैं।
