Mahoba Suicide Case: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने प्रेम विवाह न हो पाने की निराशा में इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए ज़हर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के थाना पसवारा गांव निवासी सुखराम का 20 वर्षीय पुत्र संतोष अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम करता था। लेकिन जातिगत बंधनों के चलते दोनों की शादी संभव नहीं हो पाई। इसी बात से आहत होकर संतोष ने गुरुवार शाम इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी आखिरी बात कही।
प्रेम विवाह न होने से युवक ने खाया सल्फास
मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना
वीडियो में संतोष कहता नजर आ रहा है — “भाइयों, अगर मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ कर देना। मरने वाले की आखिरी इच्छा पूरी की जाती है, मेरी भी कर देना। मेरा चेहरा उसे एक बार दिखा देना, उसका नाम नहीं लूंगा क्योंकि मैं उसे बदनाम नहीं करना चाहता। वो मुझे चाहिए थी, पर अब मिल नहीं सकती। इसलिए ये दो सल्फास और दारू है, मैं खा रहा हूं। अपना ख्याल रखना बाबू, इस जन्म में नहीं तो अगले जन्म में मिलूंगा।”
अगले जन्म में छोड़कर मत जाना, गुडबाय
इसके बाद उसने एक और वीडियो में कहा — “अगले जन्म में छोड़कर मत जाना, गुडबाय… खुश रहना, रोना मत। अब वक्त खत्म हो गया, मैं जा रहा हूं। जय बजरंगबली।” इतना कहकर संतोष ने सल्फास की दो गोलियां और शराब पी ली। वीडियो के अंत में उसने सिर्फ कहा — “खत्म बस।” कुछ ही देर में जब रिश्तेदारों ने वीडियो देखा, तो उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो संतोष अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
