Bijnor Family Suicide: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में कर्ज के तले दबे परिवार ने सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की। अस्पताल में इलाज के दौरान मां और दो बेटियों की मौत हो गई। वहीं पिता पुखराज की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार इस परिवार पर करीब 6 लाख रुपये का कर्जा था। देनदारों के दबाव से परेशान होकर परिवार ने परिवार ने यह कदम उठाया। इस घटना के दौरान पुखराज की बड़ी बेटी पूनम ससुराल में थी और बेटा सचिन मजदूरी के लिए गया था। इस घटना से गांव में मातम का माहौल है।
कर्ज में डूबा था परिवार (AI Image)
यह घटना बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव टंढेरा की है। गांव के निवासी पुखराज अपनी पत्नी रमेशिया, बेटी अनीता उर्फ नीतू और बेटी सविता उर्फ शीतू के साथ गुरुवार सुबह 8 बजे जहर खा लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। ग्राम प्रधान रईस अहमद ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें नूरपुर सीएचसी भर्ती कराया। लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें बिजनौर मेडिकल अस्पताल भेजा गया। जहां रमेशिया और अनीता ने इलाज के दौरान दम तौड़ दिया। छोटी बेटी शीतू की भी मेरठ मेडिकल अस्पताल में मौत हो गई। वहीं पुखराज की हालत गंभीर बनी हुई है।
मजदूरी करता था पुखराज
पुलिस ने बताया कि परिवार के गुजर-बसर के लिए पुखराज घोड़ा बुग्गी चलाता था और ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसका बेटा सचिन भी मजदूरी करता था। पुखराज ने गांव के साहूकारों और फाइनेंस कंपनियों से करीब 6 लाख का कर्ज लिया हुआ था। लेकिन गरीबी में डूबा परिवार इस कर्ज को जमा नहीं कर पा रहा था। जिसके चलने उन्होंने यह कदम उठाया। एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने तीन सदस्यी कमेठी बनाई
इस घटना को लेकर डीएम जसजीत कौर ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। इसके लिए तीन सदस्यी कमेठी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि कर्ज को लेकर उन्हें कौन परेशान कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में परिवार में कलह की बात भी सामने आई है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
