Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बरहज थाना क्षेत्र में एक युवक चलती ट्रेन से गिर गया। जिससे उसकी मौत ह गई। मृतक की पहचान पिपरा भूली गांव निवासी दुर्गेश प्रसाद (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रेन से झांकने के दौरान गिरा युवक (AI Image)
ट्रेन से झांकते समय छूटा हैंडल
पुलिस के अनुसार यह हादसा शनिवार की रात करीब आठ बजे बरहज-भटनी पैसेंजर ट्रेन में हुआ। शनिवार को दुर्गेश बरहज बाजार गया था और वापसी में रात करीब आठ बजे बरहज-भटनी पैसेंजर ट्रेन से लौट रहा था। अपने गांव के पास पहुंचने पर वह ट्रेन से बाहर झांकने लगा तभी उसका हाथ छूट गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के आधार कार्ड से हुई पहचान
ग्रामीणों की सूचना पर बरहज पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस को मृतक के पास सतराव स्टेशन का टिकट और आधार कार्ड मिला जिससे उसकी पहचान की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
