लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में रहने वाले युवक को पीएम मुद्रा लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने 88 हजार रुपये की चपत लगा दी। यह घटना 1 जुलाई को शुरू हुई जब तेज सिंह नामक युवक को एक शख्स का फोन आया जिसने खुद को अर्जुन अग्रवाल बताया और दावा किया कि वह भारत सरकार की योजना के तहत लोगों को पीएम मुद्रा लोन दिलाने में मदद करता है।
लखनऊ में पीएम मुद्रा लोन के नाम पर ठगी (Photo: Canva)
ठग ने तेज से कहा कि लोन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसके बैंक खाते में 80 से 90 हजार रुपये होना जरूरी है। इस झांसे में आकर युवक ने 2 जुलाई को अपने खाते में 88 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद जब तेज ने लोन की स्थिति जानने के लिए संपर्क किया, तो ठग ने उसे एक कोड बताने को कहा। जैसे ही तेज ने वह कोड शेयर किया तो उसके खाते से पूरी रकम गायब हो गई।
पैसे कटने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने तत्काल गोमतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ठगों की पहचान करने के लिए उनके मोबाइल नंबर और बैंक खाता विवरण की जांच की जा रही है। यह मामला साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं की एक और कड़ी बन गया है, जिसमें लोग लालच या झांसे में आकर आसानी से ठगी का शिकार हो रहे हैं।
