Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। समसातरहर गांव के रहने वाले 33 वर्षीय रंजीत नामक युवक को खेत में काम करते समय सांप ने काट लिया। हैरानी की बात यह है कि उसने उस जिंदा सांप को बोरे में बंद किया और अस्पताल पहुंच गया।
सांप को बोरे में बांध अस्पताल पहुंचा युवक
रंजीत ने बताया कि खेत में काम करते समय उसके पैर में अचानक जलन महसूस हुई। जब उसने ध्यान से देखा, तो पाया कि उसे सांप ने काट लिया है। तभी आसपास मौजूद लोगों की मदद से खेत में ही सांप को पकड़ लिया गया और बोरी में भर दिया गया। इसके बाद रंजीत को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में जब रंजीत पहुंचा तो उसने डॉक्टरों को बोरी खोलकर सांप दिखाया, जिसे देखकर डॉक्टर और अन्य स्टाफ कुछ पल के लिए दंग रह गए। इमरजेंसी वार्ड में मौजूद लोग भी यह दृश्य देखने के लिए जुट गए। डॉ. राजेश सोनकर ने बताया कि रंजीत को सांप ने काटा था, और वह उसी सांप को साथ लाया था, जिससे उसकी पहचान और इलाज में मदद मिली। युवक की हालत अब स्थिर है, लेकिन उसे 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।
