UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है। यूपी के लोग अब तक भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे थे। लेकिन प्रदेश का मौसम सुहावना हो गया है। यूपी में आंधी बारिश ने भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। बीते घंटों में यूपी की कई जगहों पर बारिश भी हुई। सिद्धार्थनगर और अंबेडकरनगर में बीते 24 घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को यूपी के अधिकतर हिस्सों में दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार सब कुछ ठीक रहा तो आगामी 2-3 दिनों में मॉनसून यूपी में पहुंच जाएगा।
आज उत्तर प्रदेश का मौसम
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं। इस दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में लू चलने की भी संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में कई जगहों पर तेज झोंकेदार हवा चल सकती है। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है। 23 जून से पूर्वी यूपी में तेज बारिश होने की संभावना है। 23 और 24 जून के दौरान लखनऊ और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं 25 जून से पश्चिमी यूपी में बारिश में बढ़ोत्तरी हो सकती है।
इन जिलों में हुई बारिश
अब पूर्वी यूपी में लू जैसे हालात नहीं हैं। लेकिन पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में अभी भी लू चलने के आसार हैं। गुरुवार को प्रयागराज का तापमान प्रदेश में सबसे अधिक रहा। यहां 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जिसके बाद उरई में 43.2 डिग्री, कानपुर में 41.9 डिग्री और झांसी में 41.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बीते दिन आगरा, श्रावस्ती, बलिया, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बरेली, भदोही, बिजनौर, हरदोई, गोरखपुर, गाजीपुर, हमीरपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, मैनपुरी, मथुरा, वृंदावन, मुरादाबाद, प्रयागराज, शाहजहांपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी और इनके आसपास के इलाकों में कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं छिटपुट बरसात दर्ज की गई।
कहीं गरजेंगे बादल, कहीं चलेगी लू
मौसम विभाग ने आज यूपी के कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं। इसके अलावा कई जिलों बादल की गरज-चमक के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही प्रयागराज, वाराणसी, संतरविदास नगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती और उसके आसपास के इलाकों में बिजली गिरने और बादल गरजने की भी संभावना है।
यूपी में जल्द दस्तक देगा मॉनसून
मौसम विभाग ने मॉनसून के बिहार पहुंचने की घोषणा कर दी है। बिहार के भागलपुर से होते हुए मॉनसून रक्सौल तक पहुंच गया है। आगामी 2-3 दिनों में मॉनसून के पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून से पूर्वी यूपी में बारिश की तीव्रता और फैलाव में वृद्धि होने की उम्मीद है। वहीं 24 जून से पूर्वोत्तर, तराई और पूर्वांचल के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की आंशका जताई जा रही है। पश्चिमी यूपी में 23 जून से बारिश के फैलाव और तीव्रता में बढ़ोत्तरी हो सकती है। यूपी की राजधानी लखनऊ में 23 जून से बारिश शुरू होने के आसार हैं।
