Mission Shakti : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और बेटियों को सशक्त व स्वावलंबी बनाने के लिए चल रहे 'मिशन शक्ति' अभियान के चौथे चरण के शुभारंभ को लेकर लोकभवन में बैठक की। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान’ का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। अब 14 अक्टूबर को प्रदेश भर में एक साथ वाहन रैली निकालकर केंद्र और राज्य सरकार की महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरुक करते हुये इसका नवीन चरण प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि फील्ड में तैनात महिला बीट अधिकारी महिलाओं के बीच जाकर शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दें और प्राथमिकता के आधार उनकी समस्या का निर्धारित समय सीमा में समाधान कराएं।
14 अक्टूबर से मिशन शक्ति के चौथे चरण की शुरुआत।
अभियान प्रत्येक ग्राम पंचायत व वॉर्ड में होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान प्रत्येक ग्राम पंचायत व वॉर्ड में आयोजित किया जाए तथा ग्राम प्रधान, महिला पुलिस बीट, लेखपाल, पंचायत सचिव, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी, ए.एन.एम.की इसमें सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर केन्द्र व राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण से सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी व महिला सुरक्षा जागरूकता जैसे कार्य सम्पन्न हों। बीट अधिकारी सप्ताह में एक दिन पंचायत भवन में जाकर महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण करें। लोगों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराएं तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं का निराकरण करने के कार्य को आगे बढ़ाएं।
प्रभात फेरियां निकालने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के दौरान प्रदेशभर के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के बच्चों को साथ में जोड़ते हुए उनके द्वारा जन जागरुकता की प्रभात फेरियां निकाली जाएं। इसके साथ ही गृह विभाग मिशन शक्ति के जागरुकता अभियान के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का इस्तेमाल करे। मिशन शक्ति अभियान से जुडे़ सभी विभाग 14 और 15 अक्टूबर को जागरुकता के कार्यक्रमों का आयोजन करें। वहीं 16 अक्टूबर से विभागवार निर्धारित कार्यक्रमों को भव्य आयोजन किया जाए।
ट्रैफिक की प्रभावी मॉनिटरिंग हो-सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ट्रैफिक का प्रभावी संचालन और इसकी मॉनिटरिंग अत्यन्त आवश्यक है। ट्रैफिक की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए और जाम की समस्या न बनने दी जाए। प्रदेशवासियों के साथ प्रशासन और पुलिस के लोग सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर पटाखों की दुकानें भीड़ भाड़ इलाके में न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस भी सुनिश्चित करें कि आतिशबाजी भीड़-भाड़ से दूर हो। सीएम ने कहा कि नगर विकास विभाग सिटी बसों में पैनिक बटन की व्यवस्था को सुचारु रूप से चालू करें तथा मुख्य चौराहों व प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बस ड्राइवर, ई-रिक्शा चालक, टू-व्हीलर चालक का पंजीकरण जरूर किया जाए। किरायेदारों का वैरिफिकेशन के कार्य को अनिवार्य किया जाए।
आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित हों
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वों एवं त्योहारों का आगामी एक माह का समय संवेदनशील है। एक माह त्योहार की उमंग से परिपूर्ण होंगे। बाजारों में भीड़ होगी। विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि की सहभागिता होगी। इसके दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए। प्रदेश, कमिश्नरी और रेंज स्तर पर कण्ट्रोल रूम सक्रिय कर कानून व्यवस्था की स्थिति पर निरन्तर नजर रखी जाए।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में परम्परागत रूप से माँ दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती रही हैं। जिसको लेकर दुर्गा पूजा आयोजन समितियों से संवाद के माध्यम से प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थान जैसे सार्वजनिक पार्क आदि में करायी जाए, ताकि सड़क पर सामान्य यातायात प्रभावित न हो। इस कार्यवाही में लोगों की आस्था और जनभावना का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।
