Lucknow Coaching Centre Fire: सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना हुई जिसने पूरे उत्तर प्रदेश को हिलाकर रख दिया। लखनऊ में हुए भीषण कोचिंग सेंटर अग्निकांड में 15 मासूमों की मौत के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। बताया गया है कि आग एक एनिमेशन सेंटर में लगी थी जहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना सीखते थे। वहीं रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह भी लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इसके साथ ही सीएम योगी ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी
अलीगढ़ में कार्यक्रम के दौरान मिली सूचना
इससे पहले जैसे ही सीएम योगी को घटना की सूचना मिली उन्होंने तुरंत अलीगढ़ में अपने कार्यक्रम को विश्राम दिया और फौरन शहर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने अलीगढ़वासियों से कहा कि, "मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं,लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है, अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आए हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
आगामी सभी दौरे रद्द किए
इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें। जानकारी के अनुसार सीएम योगी ने अपने आगामी सभी दौरे रद्द कर दिए।
हाई लेवल जांच के आदेश
फिलहाल घटना की हाई लेवल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, मृतकों में शामिल आदित्य श्रीवास्तव सीतापुर का रहने वाला था और लखनऊ में 2 साल से पढ़ाई कर रहा था। उसके दोस्त ने बताया कि आदित्य ने उससे फोन पर कहा- बचा लो भाई। अब तक कुल 22 बच्चे ट्रामा सेंटर भेजे गए हैं। वहीं इस भयावह घटना में 15 कि मौत हो चुकी है। 4 बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है वहीं दो सीरियस हैं।
