कटरा: वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए लैंडस्लाइड हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज कटरा में स्थानीय लोगों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान लोगों ने माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाए।
वैष्णो देवी यात्रा मार्ग हादसा - श्राइन बोर्ड पर आरोप (फोटो -टाइम्स नाउ नवभारत)
लोगों का कहना था कि “विकास” के नाम पर बोर्ड लगातार अनियमितताएं कर रहा है, जिसके चलते ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था और स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए थे, तब यात्रा क्यों जारी रखी गई?
टाइम्स नाउ नवभारत ने लिया यात्रा मार्ग का जायजा
उधर, टाइम्स नाउ नवभारत की टीम ने यात्रा मार्ग का जायज़ा लिया। बाणगंगा इलाके के दर्शनी गेट, जहां से यात्रा प्रारम्भ होती है, वहां आज सन्नाटा पसरा नजर आया। हालांकि कुछ यात्री उम्मीद लेकर पहुंचे कि शायद यात्रा फिर से शुरू हो गई होगी, लेकिन श्राइन बोर्ड ने फिलहाल यात्रा को पूरी तरह से बंद रखा है।
कटरा होटल एसोसिएशन का बड़ा निर्णय: यात्रियों के लिए फ्री ठहरने की व्यवस्था
माता वैष्णो देवी में हाल ही में हुई लैंडस्लाइड घटना के बाद यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए कटरा होटल एसोसिएशन ने एक अहम निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने घोषणा की है कि जिन यात्रियों के परिजनों की इस हादसे में मृत्यु हो गई है, या जिनके परिजन घायल हैं, उनके लिए होटलों में मुफ़्त ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, ट्रेन सेवाएँ बाधित होने से कटरा में फंसे हुए श्रद्धालुओं को भी होटल एसोसिएशन की ओर से नि:शुल्क ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
टोल-फ्री नंबर जारी
यात्रियों की मदद के लिए एसोसिएशन ने एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है, 9596002222 इस नंबर पर संपर्क करके प्रभावित यात्री आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह जानकारी कटरा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश वज़ीर ने दी। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में होटल उद्योग समाज और श्रद्धालुओं के साथ खड़ा है।
