Rudraprayag News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सुमाड़ी बाजार में गुलदार की एंट्री से हड़कंप मच गया है। गुलदार जंगल से निकलकर सीधे एक स्थानीय निवासी के घर में घुस गया। जिसके बाद गुलदार ने घर में मौजूद कुत्ते को अपना निशाना बनाया और उसे दबोचकर बाथरूम में ले गया। घर के अंदर गुलदार को देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और गुलदार को अंदर ही कैद कर लिया। जिसके बाद वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रुद्रप्रयाग में घर के बाथरूम में कैद हुआ गुलदार
कई दिनों से इलाके में दिखाई दे रहा था गुलदार
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुमाड़ी बाजार में दिनेश थपलियाल के घर की है। स्थानीय निवासी भगत चौहान के मुताबिक, गुलदार पिछले कई दिनों से इलाके में लगातार देखा जा रहा था। ग्रामीणों ने पहले भी उसकी गतिविधियों को लेकर चिंता जताई थी। अब उसके घर के अंदर घुसने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। आबादी के बीच गुलदार की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय लोग परेशान हैं। ग्रामीणों को बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते वन विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से की ये मांगें
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में तत्काल पिंजरा लगाने और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम घर के बाथरूम में बंद गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही है। लेकिन, इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
