Malegaon Leopard Video: तेंदुए को अपने सामने देख बड़े-बड़े लोगों के भी पसीने छूट जाते हैं। लेकिन एक 12 साल के बच्चे ने तेंदुए जैसे खतरनाक जानवर के सामने बहादुरी की मिसाल पेश की है। यह घटना नासिक जिले के मालेगांव शहर की है। जहां एक 12 साल का बच्चा ऑफिस केबिन में बैठा हुआ मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान गेट से तेंदुआ घुस आया। इसके बावजूद बच्चा बिल्कुल घबराया नहीं और अपनी सूझ-बूझ से तेंदुए को ऑफिस में बंद करके खुद को उससे बचा लिया। यह घटना सीसीटीवी में रिकोर्ड हुई है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही है।
तेंदुए से बच्चे का आमना-सामना (फोटो साभार- ट्विटर)
वीडियो में देखें पूरी घटना
इस वीडियो में दिख रहे 12 साल के बच्चे का नाम मोहित अहिरे है। वह एक वेडिंग हॉल के सुरक्षा गार्ड का बेटा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि मोहित शांति से बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहा था। तभी वहां अचानक तेंदुआ अंदर आ जाता है। जिसे देखकर मोहित बिल्कुल घबराता नहीं है, बल्कि वहीं बैठा रहता है। इस दौरान तेंदुए बच्चे को नहीं देख पाता और अंदर घुस जाता है। जिसके बाद मोहित ऑफिस से बाहर निकलकर उसका गेट बंद करके बाहर निकल जाता है और अपनी जान बचा लेता है।
मोहित ने तेंदुए को लेकर क्या कहा
इस घटना के वीडियो को सोशल मीडिया पर देखने वाला हर शख्स बच्चे की बहादुरी की तारीफ कर रहा है। इस घटना को लेकर बहादुर बच्चे मोहित ने बताया कि जब तेंदुआ उसके पास से गुजरकर ऑफिस केबिन में घुसा, तब वह उससे करीब एक फुट की दूरी पर ही था। इस तेंदुए के बारे में वन विभाग और पुलिस विभाग को सूचित किया गया। जिसके बाद तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए टीम मौके से पहुंची और उसे बेहोशी का इंजेक्शन देकर कैद करके ले गए।
