Kolkata Metro Tourist Smart Card: दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता मेट्रो में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मेट्रो रेलवे ने पर्यटकों और पूजा पंडाल घूमने वालों के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की है। मेट्रो ने टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड लॉन्च किए हैं, जिनसे यात्री अनलिमिटेड यात्रा कर सकेंगे।
भीड़ से बचकर सफर होगा आसान (फाइल फोटो | PTI)
लॉन्च हुआ स्मार्ट कार्ड
पिछले साल दुर्गा पूजा के दिनों में मेट्रो में रोजाना 9 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया था। इस बार मेट्रो नेटवर्क के कॉरिडोरों में विस्तार के कारण यह संख्या 11 से 12 लाख प्रतिदिन तक पहुंचने की संभावना है। इस बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए मेट्रो रेलवे, कोलकाता ने अनलिमिटेड यात्रा सुविधा वाले टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड शुरू किए हैं। 3 दिनों के लिए यह कार्ड 250 रुपये में और 5 दिनों के लिए 550 रुपये में उपलब्ध होगा। यात्री इन कार्डों को सभी मेट्रो स्टेशनों के बुकिंग काउंटरों से खरीद सकते हैं।
कार्ड-ऐप से करें सफर आसान
त्योहारों के इस मौसम में इस खास कार्ड को लॉन्च करने के अलावा मेट्रो अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बुकिंग काउंटरों पर भीड़ से बचने के लिए टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड, सामान्य स्मार्ट कार्ड या आमार कोलकाता मेट्रो ऐप के माध्यम से टिकट बुक करें। इससे यात्री भीड़ से तो बचेंगे ही साथ ही उनका समय भी बचेगा और सफर आसान होगा। ऐप और स्मार्ट कार्ड से टिकट लेने पर 5% की छूट भी दी जाएगी।
स्मार्ट ट्रैवेल की ओर बढ़ रहा रुझान
यात्रियों के बीच स्मार्ट ट्रैवल की ओर रुझान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 11 दिनों में 24,170 स्मार्ट कार्ड बेचे जा चुके हैं, जबकि इसी महीने अब तक 4.56 लाख से अधिक यात्रियों ने मोबाइल क्यूआर टिकट बुक किए हैं। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा त्योहार दुर्गा पूजा 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान लाखों लोग सड़कों पर उतरेंगे और सार्वजनिक परिवहन का भरपूर इस्तेमाल करेंगे। मेट्रो रेलवे की यह पहल यात्रियों के लिए यात्रा को सुगम और आसान बनाएगी।
