Kolkata Kal Ka Mausam 24 September 2025: कोलकाता में बीती रात तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए। आईएमडी ने सोमवार रात 2:30 बजे से 5:30 बजे के बीच 185.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। यह भारी बारिश एक निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण हुई और पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से के बारिश प्रभावित जिलों में बुधवार सुबह तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को इसी तरह की एक और मौसमी प्रणाली बनने और क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान है।
कल का मौसम (फोटो-PTI)
आईएमडी ने कहा कि सोमवार रात तीन से चार बजे के बीच हर घंटे अधिकतम 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि मानदंडों के अनुसार यह बादल फटने की घटना नहीं है। 20 से 30 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में एक घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश को बादल फटना कहा जाता है। महानगर में सोमवार रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच 48.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे के बीच 12.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में कोलकाता में 251.4 मिलीमीटर की अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। इसी 24 घंटे की अवधि के दौरान निकटवर्ती साल्ट लेक क्षेत्र में 230 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार को पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों और उससे सटे उत्तरी ओडिशा व बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है।
आईएमडी ने कहा कि 25 सितंबर को समुद्र के ऊपर एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। 27 सितंबर के आसपास इसके दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों को पार करने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों को देखते हुए दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।
मूसलाधार बारिश से 10 लोगों की मौत
मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से नौ व्यक्तियों की मृत्यु बिजली का करंट लगने से हुई। लगभग चार दशक के बाद हुई इतनी भारी बारिश के कारण हवाई, रेल और सड़क परिवहन प्रभावित हुआ। शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं और राज्य सरकार को दो दिन पहले ही दुर्गा पूजा की छुट्टियां घोषित करनी पड़ी।
कोलकाता से 90 फ्लाइट कैंसिल
कोलकाता में मंगलवार को मूसलाधार बारिश से हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई और 90 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं वहीं करीब 90 उड़ानों में काफी देरी हुई। इसके साथ ही महानगर में जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। एओसीसी (हवाई अड्डा परिचालन नियंत्रण केंद्र) बुलेटिन में कहा गया है कि सोमवार मध्यरात्रि से मंगलवार शाम साढ़े सात बजे के बीच खराब मौसम के कारण 42 आने वाली और 49 जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं
