जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलिस ने आतंकवादियों की मदद करने के आरोप में एक टीचर को गिरफ्तार किया है। शिक्षक की पहचान मशकूर अहमद उर्फ मशकूर मास्टर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
आतंकियों की मदद के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में किश्तवाड़ के छात्रु इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ के दौरान कई आतंकी मारे गए थे। जांच के दौरान पता चला कि मशकूर मास्टर लंबे समय से इन आतंकियों के संपर्क में था और उन्हें लगातार मदद भी पहुंचा रहा था। सुरक्षा बलों को उसके खिलाफ कई अहम सबूत भी मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मशकूर मास्टर आतंकियों को स्थानीय स्तर पर सहयोग दे रहा था और उनकी गतिविधियों में भी मदद कर रहा था। मशकूर पर आरोप है कि वह आतंकियों को छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराता था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि आतंकी नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।
3 महीने पहले पांच आतंकियों को किया ढेर
बता दें कि किश्तवाड़ में इस साल जनवरी और फरवरी महीने में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी सैफुल्लाह समेत पांच आतंकियों को मार गिराया था। ये आतंकी पिछले लगभग तीन सालों से इलाके में एक्टिव बताए जा रहे थे। फिलहाल किश्तवाड़ और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।
