Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर में शनिवार को एक खराबी आ गई। लखनऊ के ला मार्टिनियर ग्राउंड से कौशाम्बी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी दिक्कत आ गई, जिसके चलते उसे लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। मौर्य के करीबी माने जाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे। कौशांबी में दोपहर साढ़े गयारह बजे आयोजित सरस महोत्सव कार्यक्रम में उन्हें शामिल होना था।
केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की लखनऊ में आपात लैंडिंग (फाइल फोटो | PTI)
हेलीकॉप्टर के भीतर भरा धुआं
शनिवार सुबह उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लामार्टिनियर ग्राउंड से उड़ान भरकर कौशांबी के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या के संकेत मिले और उसमें से धुआं निकलता दिखा। उपमुख्यमंत्री कार्यालय (Office of Keshav Prasad Maurya) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने जैसे ही उड़ान भरी, उसके भीतर अचानक धुआं भरने लगा। केबिन में धुआं देख पायलट ने तत्परता दिखाई और बिना किसी देरी के एटीसी (ATC) से संपर्क साधा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर को तुरंत लखनऊ के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया और वहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। केशव प्रसाद मौर्य, उनके सहयोगी विवेक और दो पायलट सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित हैं।
कौशाम्बी के लिए रवाना हुए थे डिप्टी सीएम
केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से कौशाम्बी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। तकनीकी खराबी और केबिन में धुएं की खबर फैलते ही प्रशासन और उनके समर्थकों में हड़कंप मच गया, हवाई अड्डा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।। हालांकि, राहत की बात यह रही कि डिप्टी सीएम और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धुआं निकलने की वजह क्या थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि मौर्य बिल्कुल ठीक और सुरक्षित हैं और वह अन्य हेलीकॉप्टर से बाद में कौशांबी जाएंगे।
