Kedarnath Snowfall: केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था और कुदरत के बीच एक अलग ही मुकाबला देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर 22 अप्रैल को होने वाले कपाट उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही भारी बर्फबारी ने मजदूरों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। आलम यह है कि जिन रास्तों और मंदिर परिसर से हाल ही में बर्फ हटाई गई थी, वे स्थान एक बार फिर कई फीट बर्फ की तह में दब गए हैं।
केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी का नजारा
मजदूरों की मेहनत पर भारी पड़ा मौसम
धाम में कल शाम से ही रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है। बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि केदारनाथ धाम में मौसम पल-पल रंग बदल रहा है। मंदिर परिसर पूरी तरह से बर्फ से ढक चुका है। सबसे ज्यादा चुनौती उन रास्तों को लेकर आ रही है जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद पैदल यात्रा के लिए साफ किया गया था, लेकिन ताजी बर्फबारी के बाद वे फिर से दुर्गम हो गए हैं।
यात्रा तैयारियों पर संकट के बादल
22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने हैं, जिसके लिए प्रशासन और मंदिर समिति दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। लेकिन अप्रैल की इस 'बेरुखी' ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बर्फबारी के कारण पैदल मार्ग का सुधारीकरण, बिजली-पानी की व्यवस्था और टेंट कॉलोनी बसाने का काम प्रभावित हो रहा है। अगर मौसम का यही हाल रहा, तो कपाट खुलने से पहले व्यवस्थाएं पूरी करना एक बड़ी चुनौती साबित होगा।
पल-पल बदल रहा है केदारपुरी का नजारा
केदारनाथ में इस बार मौसम कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है। पूरी केदारपुरी एक बार फिर चांदी जैसी सफेद बर्फ से चमक उठी है। हालांकि, पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए यह नजारा बेहद खूबसूरत है, लेकिन यात्रा सुचारू करने में जुटे कर्मचारियों के लिए यह किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
