Kedarnath Accident: केदरानाथ यात्रा के लिए जा रहे यात्रियों से भरा मैक्स वाहन गौरीकुंड हाईवे पर काकडागाड़ के पास अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में मैक्स वाहन चालक समेत एक यात्री की मौत की खबर सामने आई है। साथ ही 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
गौरीकुंड हाईवे पर दर्दनाक हादसा
पत्थर गिरने से हुआ हादसा
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार देर शाम (30 मई 20250) को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर रुद्रप्रयाग शहर से लगभग तीस किलोमीटर दूर काकडागाड में अचानक यात्रियों के मैक्स वाहन पर पत्थर गिर गए। बताया जा रहा है कि मैक्स वाहन में चालक समेत छह यात्री सवार थे, जिसमें 2 की मौत हो गई और 4 घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। पत्थरों को हटाकर कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए भेजा गया।
हादसे में दो लोगों की मौत
डीडीएमओ नंदन सिंह रजवार ने बताया कि वाहन चालक 38 वर्षीय राजेश रावत पुत्र राय सिंह निवासी नाग पनियाला, लंबगांव नई टिहरी की मौके पर मौत हो गई। उन्होंने आग बताया कि घटना में एक यात्री की भी मौत हुई है। इसके अलावा 24 वर्षीय लक्ष्मण सिंह पुत्र धनीराम यादव, 24 वर्षीय ओंकार सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह, 19 वर्षीय विपेश यादव पुत्र गोविंद यादव, चित्रांश साहू पुत्र ओंकार साहू निवासी जिला दुर्ग छत्तीसगढ़ घायल हो गए।
