नई दिल्ली: मेरठ के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हर दिन अलग-अलग प्रकार की कांवड़ें देखने को मिल रही हैं, लेकिन बुधवार को एक अनोखी कांवड़ ने लोगों का ध्यान खींचा। नीले ड्रम में 121 लीटर गंगाजल लेकर जा रही इस कांवड़ को देखकर यह कांवड़ चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, कुछ दिन पहले मेरठ में हुए सौरभ हत्याकांड में नीला ड्रम सुर्खियों में रहा था। इस केस में सौरभ की पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी थी और शव को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से पैक कर दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर नीले ड्रम को लेकर कई मीम्स और रील्स वायरल हुए थे।
अब नीला ड्रम जब दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एक कांवड़ के रूप में दिखाई दिया तो लोगों के बीच फिर से चर्चा शुरू हो गई। गाजियाबाद निवासी कांवड़िया द्वारा दो नीले ड्रम में 121 लीटर गंगाजल भरकर कांवड़ यात्रा पर निकलने से यह दृश्य खास बन गया।
जब इस अनोखे कांवड़ के बारे में पूछा गया तो भोले के भक्त ने बताया कि उन्हें अधिक जल लाने के लिए बड़े बर्तन की ज़रूरत थी। कलश बहुत महंगे थे, जबकि ड्रम उन्हें सस्ते दाम में मिल गए, इसलिए उन्होंने गंगाजल इन्हीं ड्रमों में भर लिया। उन्होंने यह भी कहा कि वह जलाभिषेक के बाद अपने माता-पिता को पवित्र गंगाजल से स्नान कराएंगे।
