Katihar Flood News: बिहार के कटिहार में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसने अब आम जनजीवन के साथ-साथ रेल परिवहन की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। कटिहार से मनिहारी-तेजनारायणपुर के बीच सिग्नल टोला के पास रेलवे ट्रैक के नीचे से पानी का रिसाव शुरू हो गया है। पानी के लगातार रिसाव को देखकर स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है और आशंका जताई जा रही है कि अगर यहां से ट्रेन गुजरी तो पटरी धंस सकती है।
गंगा का बढ़ता पानी पहुंचा रेल पटरी तक
युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी
पटरियों के नीचे से पानी के रिसाव की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया गया। रेलवे कर्मचारियों द्वारा ट्रैक के किनारे बालू और मिट्टी से भरी बोरियां लगाकर पानी को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद पटरियों के नीचे से पानी का रिसाव लगातार जारी है। रेलवे कर्मचारी मौके पर युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं और ट्रैक की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता और हादसे की आशंका
इस गंभीर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने चिंता जाहिर की है। स्थानीय निवासी विजय महतो, वार्ड कमिश्नर बेचैन सिंह और विजय सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक के नीचे से लगातार पानी निकल रहा है। उनके मुताबिक, रेलकर्मी मिट्टी से भरे छोटे-छोटे बोरे लगाकर पानी के बहाव को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन मनिहारी स्टेशन की तरफ से आने-जाने वाली मेल ट्रेनों के कारण बड़े हादसे का डर लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से इस मामले में ठोस और स्थायी कदम उठाने की मांग की है, ताकि बढ़ते जलस्तर के बीच रेल परिचालन सुरक्षित रह सके। फिलहाल रेलवे कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और ट्रैक को सुरक्षित रखने के लिए लगातार बचाव कार्य किया जा रहा है।
