कांवड़ यात्रा 2026 को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान जारी किया है। यह योजना 30 जुलाई से 11 अगस्त तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी ट्रैफिक को व्यवस्थित बनाए रखना है।
कांवड़ यात्रा ट्रैफिक प्लान (फोटो-Istock)
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 9 से 11 अगस्त के बीच कांवड़ियों की सबसे ज्यादा आवाजाही रहने की संभावना है। इसी वजह से 9 अगस्त सुबह 7 बजे से कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन और सड़क बंद करने की व्यवस्था लागू होगी। यह व्यवस्था 12 अगस्त रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक के कारण भी भारी भीड़ रहने की उम्मीद है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'अमित शाह को बर्खास्त करें, SC से जांच और लें नैतिक जिम्मेदारी', राहुल गांधी ने पीएम मोदी के सामने रखीं तीन मांगे, लगाए कई गंभीर आरोप
एंट्री प्वाइंट तय
यात्रा के दौरान दिल्ली में करीब 1,828 कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 308 प्रमुख ट्रैफिक प्वाइंट बनाए गए हैं और 306 रेगुलेशन प्वाइंट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ियों के दिल्ली में प्रवेश के लिए गाजीपुर, भोपुरा, महाराजपुर, सोनिया विहार, अप्सरा, लोनी और डीएलएफ बॉर्डर समेत कई प्रमुख एंट्री प्वाइंट तय किए गए हैं। इन मार्गों से कांवड़ियों को अलग-अलग निर्धारित रूटों के जरिए हरियाणा, राजस्थान और अन्य राज्यों की ओर भेजा जाएगा।
इस दौरान जीटी रोड (अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज), महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), मथुरा रोड, रोहतक रोड, नजफगढ़ रोड, वजीराबाद रोड, जीटी करनाल रोड और लोनी रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव रहेगा। आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और जहां तक संभव हो, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भारी मालवाहक वाहनों (एचटीवी) के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश से आने वाले कई भारी वाहनों का दिल्ली में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें तय किए गए वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा ताकि कांवड़ यात्रा प्रभावित न हो। सबसे बड़ा बदलाव जीटी रोड पर रहेगा। अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक का हिस्सा 9 अगस्त सुबह 7 बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक आम वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों और उनके साथ चलने वाले वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और आपातकालीन वाहनों के लिए लेन खाली रखें। किसी भी ट्रैफिक संबंधी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन 011-25844444, पुलिस हेल्पलाइन 112, एंबुलेंस 108 और फायर सर्विस 101 पर संपर्क किया जा सकता है।
