Kanpur E Bus: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के कई रूटों पर चल रही इलेक्ट्रिक एसी बसों के पल-पल की जानकारी अब यात्री को मिलेगी। कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड प्रबंधन एक एप तैयार करा रहा है। फरवरी में एप की सुविधा शुरू हो जाएगी। अभी इसका ट्रायल चल रहा है। कानपुर शहर में रोजाना 18 से 20 हजार यात्री ई-बसों से सफर करते हैं। इन यात्रियों को पता चल जाएगा कि उस रूट की बस कहां पहुंच गई है और संबंधित चौराहे पर कितनी देर में आ जाएगी। ई-बसों में जीपीएस लगा होने से यह सुविधा मिलेगी।
कानपुर में एप बताएगा कौन से चौराहे पर आएगी ई-बस
यात्रियों की शिकायत थी कि ई-बस का इंतजार करते टाइम यह नहीं पता होता है कि उनकी बस कहां है और कब आएगी। ई-बस सेवा के प्रबंधक डीवी सिंह ने बताया कि एप लगभग तैयार है। फरवरी में इस एप को लांच कर दिया जाएगा।
