Kanpur Street Shopping Zone: ‘चमड़े’ के लिए ही नहीं, इन 10 मार्केट्स के लिए भी मशहूर है कानपुर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2022, 11:04 PM IST

Kanpur Street Shopping Zone: उत्तर प्रदेश के कानपुर में अगर आप खरीदारी करना चाहते हैं तो यहां कि हर मार्केट की अपनी अलग ही खासियत है। इन मार्केट्स में आप सेकेंड हैंड सामान से लेकर नया सामान तक खरीद सकते हैं। यहां किफायती दरों में आपको सामान मिल जाएगा।

KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर में ये है 10 प्रसिद्ध मार्केट
  • इन मार्केट्स में खरीद सकते हैं सेकेंड हैंड सामान से लेकर नया सामान तक
  • किफायती दरों में मिल जाएगा सामान

Kanpur Street Shopping Zone: देश के हर शहर में अपने खास टूरिस्ट प्लेसेस, लोकल फूड व लोकल मार्केट हैं। इसलिए जब भी लोग किसी शहर में जाते हैं तो वहां की हर चीज का स्वाद जरूर लेते हैं। इसके साथ ही लोग सामान के रूप में इन जगहों की परंपरा को अपने साथ लाते हैं। इसीलिए हम आपको यूपी के ऐतिहासिक शहरों में शामिल कानपुर के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां कई टूरिस्ट प्लेस और लोकल फूड प्लेस होने के साथ-साथ कमाल की मार्केट्स भी मौजूद हैं, जहां आप अच्छे से अच्छा सामान खरीद सकते हैं।

kanpur news (5).

कानपुर में ये है 10 प्रसिद्ध मार्केट

गुमटी नंबर 5 मार्केट

कानपुर की गुमटी नंबर 5 मार्केट पंजाबियों की मार्केट है, इसलिए महंगी भी है। यहां ब्रांडेड के साथ-साथ कलरफुल और ब्राइट कपड़े भी आपको मिल जाएंगे। मार्केट में सामान महंगा जरूर मिलेगा, लेकिन आप सामान लिए बिना वापस नहीं आ सकते।

किदवई नगर मार्केट

कानपुर की किदवई नगर मार्केट में आपको सब अच्छे और वाजिब दामों में मिल जाएगा। इसमें ‘40 दुकान’ और ‘त्रिवेणी मार्केट’ नाम से दो मार्केट हैं। 40 दुकान में रोजमर्रा के सामान के साथ कपड़ों की खरीदारी कर सकते हैं, त्रिवेणी मार्केट में दुल्हन के लिए अच्छे लहंगे मिलते हैं।

बारादेवी मार्केट

बारा देवी मार्केट भी शॉपिंग की ही मार्केट हैं, जो लोग डिपो, किदवई नगर या फिर गौशाला के आस-पास निवास करते हैं उनके लिए यह मार्केट बहुत ही रिज़नेबल है।

विद्यार्थी मार्केट

कानपुर के गोविंद नगर की विद्यार्थी मार्केट में भी अच्छा सामान मिलता है। यहां पर चूड़ी, मिट्टी का सामान, कपड़े, चप्पल, बर्तन, घर का सामान, मसाले और जड़ी-बूटियां भी मिल जाती हैं। विद्यार्थी मार्केट के थोड़ा आगे जाकर चावला मार्केट भी है, जहां आपको ब्रांडेड सामान मिल जाएगा। मार्केट में आपको महंगे से महंगे कपड़े मिल जाएंगे।

शिवाला

कानपुर की शिवाला मार्केट में शादी से जुड़ा हर सामान आपको मिल जाएगा। यह मार्केट मेहंदी के लिए मशहूर है। साथ ही यहां के गोलगप्पे भी काफी स्वादिष्ट होते हैं। शिवाले की मेहंदी हर दुल्हन को लगाने की चाहत होती है, यहां की मेहंदी का रंग गहरा आता है।

बिरहाना रोड

बिरहाना रोड मार्केट सोने-चांदी का सामान खरीदने के लिए अच्छी मार्केट है। यहां कई बड़ी ज्वैलरी शॉप हैं। इन दुकानों पर आपको लाखों वैरायटी और खरा सोना मिल सकता है। इसके अलावा यहां दवाइयों की थोक मार्केट भी है।

बेकनगंज

बेकनगंज मार्केट में नेट, शनील, कॉटन और सिंथेटिक हर तरह का कपड़ा मिल जाता है। यहां उचित कीमतों में आपको सामान मिल जाएगा।

पी. रोड मार्केट

कानपुर की पी. रोड मार्केट को सीसामऊ बाजार भी कहा जाता हैं। यह बाजार सभी वर्ग के लोगों के लिए है। यहां महंगे से महंगा और सस्ते से सस्ता सामान उपलब्ध है।

परेड मार्केट

कानपुर की परेड मार्केट में लजीज बिरयानी के साथ पुराना सामान भी मिलता है। यह सामान इस्तेमाल नहीं, बल्कि थोड़ा डैमेज होता है। इसलिए यह सस्ती कीमतों में मिल जाता है। इसके अलावा, यहां पर फ्रेश सामान भी मिल जाता है। यहां आपको खरीदारों की भीड़ हमेशा देखने को मिल जाएगी।

नवीन मार्केट

कानपुर में परेड मार्केट के पास ही नवीन मार्केट भी मौजूद है, यहां आपको लेदर का सामान उचित रेट पर मिल सकता है। इस मार्केट को पॉश मार्केट भी कहा जाता है।

End of Feed