Kanpur News: अयोध्या राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दिन जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है वैसे ही कार्यक्रम की तैयारी तेज होती जा रही है और लोगों का हर्षोल्लास भी बढ़ता ही जा रहा है। लगातार किसी न किसी प्रकार से राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले लोगों द्वारा भेजी गई भेट अयोध्या पहुंच रही है। बता दें कि अयोध्या राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। चारों तरफ खुशी का माहौल है। यहां हर कोई किसी न किसी तरह के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में अपनी भागीदारी दे रहा है। ऐसे में कानपुर जेल में बंद कैदी भी पीछे नहीं है। ये कैदी भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में अपना सहयोग देना चाहते हैं, जिसके लिए वह राम पताका बना रहे है।
कानपुर जेल के कैदियों की पहल
राम पताका बनाने के लिए और राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में अपना सहयोग देने के लिए ये कैदी तेजी से सिलाई कर रहे है ताकि समय से पहले काम पूरा हो जाए। यह सभी कैदी मिलकर राम पताका बना रहे हैं, जो हनुमान जी को सबसे प्रिय है। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में देश के हर कोनों से सहयोग आते देख कानपुर जेल के कैदियों ने भी सहयोग देते हुए तय किया की वो अपने हाथों से राम पताका बनाकर अयोध्या भेजेंगे।
जेल प्रशासन ने कैदियों की पहल को किया समर्थन
कैदियों की भावना को समझते हुए और उनकी इस पहल को समर्थन देने के लिए जेल प्रशासन ने अपना पूरा सहयोग दिया है। जेल प्रशासन ने राम पताका बनाने के लिए आवश्यक सारे समान का इंतजाम कर दिया है। अयोध्या राम मंदिर के लिए अपने हाथों से राम पताका बनाकर जेल के ये कैदी काफी खुश है। जेल प्रशासन ने बताया कि इन कैदियों की प्रभु श्रीराम में बहुत श्रद्धा है। इतना ही नहीं 22 तारीख को कैदी भजन कीर्तन करते हुए व्रत भी रखेंगे। जानकारी के अनुसार कानपुर जेल के कैदियों के द्वारा कुल 2100 राम पताका बनाए जा रहे हैं। इनके पूरा होने के बाद जेल प्रशासन द्वारा इन पताकाओं को अयोध्या भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही बता दें कि 22 जनवरी को कैदियों के लिए प्राण प्रतिष्ठा के सजीव प्रसारण का इंतजाम भी किया जा रहा है।
