Kanpur News: कानपुर से एक और हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक बीएमडब्ल्यू कार बाउंड्री तोड़ कर स्पोर्ट्स हब में घुस गई। जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना तब हुई जब बीएमडब्ल्यू और स्कॉर्पियो गाड़ियों के बीच रेस चल रही थी। दोनों कारों के बीच रेस के दौरान बीएमडब्ल्यू कार का ड्राइवर संतुलन खो बैठा और कार बाउंड्री तोड़ते हुए स्पोर्ट्स हब के परिसर में घुस गई।
कानपुर पुलिस
मौके से फरार हुआ कार चालक
इस हादसे में कार के चारों एयरबैग खुल गए। लेकिन घटनास्थल से ड्राइवर समेत कार में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना पिछले तीन दिनों में कानपुर में हिट एंड रन का दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले, किदवई नगर में एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने बाइक सवार को टक्कर मारकर उसकी जान ले ली थी।
पुलिस ने घटनास्थल से की बीएमडब्ल्यू कार जब्त
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस बीएमडब्ल्यू कार जब्त करके थाने ले आई। पुलिस ने इस घटना को लेकर अज्ञात ड्राइवर और कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बीएमडब्ल्यू और स्कॉर्पियो के बीच रेस चल रही थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस ने जनता से की अपील
स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है। हादसे के समय स्पोर्ट्स हब में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की सतर्कता ने उनकी जान बचा ली। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना या फरार आरोपियों के बारे में जानकारी हो, तो वे तुरंत संपर्क करें।
