Kanpur News: शहर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर की कच्ची बस्ती से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेल-खेल में एक 11 वर्षीय बच्चे ने अपने 15 वर्षीय दोस्त के सीने में थ्रेड कटर मार दिया। मृतक किशोर पास की एक जूते की फैक्ट्री में काम करता था।
मजाक-मजाक में गई जान (सांकेतिक तस्वीर | iStock)
जानकारी के अनुसार, घटना फैक्ट्री परिसर में उस वक्त हुई जब मृतक अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक दोस्त ने मजाक में थ्रेड कटर के सीने की बाईं ओर मार दिया, जिससे दिल में गंभीर चोट आई और उसकी हालत बिगड़ गई। घायल किशोर को आनन-फानन में परिजन काशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि मृतक काफी मेहनती था और महज 50 मीटर दूर स्थित फैक्ट्री में काम करता था।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला खेल के दौरान हुई एक गलती का लग रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी। परिजनों ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी है और इसे एक दुर्घटना मान रहे हैं।
दूसरी ओर यह घटना न केवल बाल मजदूरी पर, बल्कि फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
