आज का मौसम कैसा रहेगा 11 अक्टूबर 2025 : मानसून की विदाई के बाद सर्दी के एंट्री की आहट मिलने लगी है। उत्तर भारत में न्यूनतम पारा 20 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से सुबह शाम सिहरन महसूस हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरी राज्यों में नया वेदर सिस्टम बन सकता है, जिससे मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं। फिलहाल, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में बड़ी गिरावट देखी जा रही है, जिससे गर्मी की विदाई के साथ ठंडी दरवाजे पर आ खड़ी है। खासकर, सुबह सर्द हवाओं के साथ वातावरण में कोहरा भी छाने लगा है, जो आने वाले दिनों में परेशानी पैदा करेगा। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों में दिवाली तक एक बार फिर से छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। उधर, पहाड़ों में बर्फ की चादर बिछने से मौसम सर्द हो चला है। आईएमडी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी से पारा और लुढ़केगा, जिससे सर्दी का सितम बढ़ने लगेगा। करवाचौथ के दिन शाम से लेकर 11, 12, 13 अक्टूबर तक चक्रवाती हवाओं के साथ पूर्वोत्तर भारत में बादल एक्टिव रहेंगे। इस दौरान सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम एवं त्रिपुरा में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, शनिवार से लेकर सोमवार तक केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कई राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
कल का मौसम
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 19°C | 29°C |
| मुंबई | 26°C | 32°C |
| जयपुर | 19°C | 29°C |
| भोपाल | 18°C | 28°C |
| लखनऊ | 21°C | 31°C |
| पटना | 22°C | 32°C |
| चेन्नई | 26°C | 31°C |
| हैदराबाद | 21°C | 31°C |
| देहरादून | 16°C | 26°C |
| शिमला | 8°C | 20°C |
| कश्मीर | 3°C | 14°C |
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की लुकाछिपी खत्म हो गई है। फिलहाल, मौसम साफ रहने के संकेत हैं। करवा चौथ के दिन में अच्छी धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। हालांकि, रात में न्यूनतम तापमान 20 सेल्सियस नीचे तक चला गया है, जिससे एसी कूलर के स्विच ऑफ कर दिए गए हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो सामान्य तापमान से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है, जिससे सर्दी का एहसास होने लगा है। आईएमडी ने अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई है। मौसमी गतिविधियां थमने से वायु की गुणवत्ता (AQI) खराब स्थिति की ओर बढ़ रही है। दिल्ली का एक्यूआई 139 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। यानी आने वाले दिनों में मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन प्रदूषण का कहर बढ़ सकता है।
यूपी में मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। लगातार एक सप्ताह तक मौसमी गतिविधियों के कारण लगभग गर्मी की छुट्टी हो गई है और ठंडक ने एंट्री ले ली है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में हल्के बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की है, लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। आईएमडी की मानें तो 11 अक्टूबर से सुबह कोहरे की चादर छाई दिखेगी, जिससे यातायात में मामूली दिक्कत हो सकती है। अगले कुछ दिनों के भीतर मौसम विभाग ने मानसून की वापसी के संकेत देते हुए हल्की बारिश के आसार जताए हैं। फिलहाल, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर, रायबरेली, कौशांबी, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बदायूं, रामपुर, बरेली, लखीमपुर खीरी, महोबा, कन्नौज, मेरठ, संभल, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली समेत अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, जिससे सुबह शाम कोहरा और सर्दी बढ़ेगी।
बिहार में कैसा है मौसम
बिहार में मानसून के थम जाने के बाद ठंड की अचानक एंट्री हो गई है, जिससे दिन का मौसम सुहावना हो गया। बिहार में 15 अक्टूबर तक कोई मौसमी गतिविधि के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम दिशा से शुष्क हवाएं चलने से ठंडक का एहसास होने लगा है। आईएमडी के मुताबिक, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, किशनगंज, कटिहार, अररिया, मधुबनी, सुपौल, हाजीपुर, समस्तीपुर, सिवान और नालंदा समेत अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। सुबह के वक्त कोहरे की चादर छाई नजर आएगी, जिससे गुलाबी सर्दी का एहसास होगा।
राजस्थान में मौसम का हाल
राजस्थान में मौसमी गतिविधियां थमने के बाद बह रही सर्द हवाओं ने तापमान गिरा दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तेज सतही हवाएं बहेंगी, जिससे ठंड के और बढ़ने की उम्मीद है। आईएमडी की मानें तो फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। यहां सीकर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और 21 जिलों में 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे अच्छी खासी सर्दी का एहसास हो रहा है। कई जिलों में सुबह के वक्त कोहरा प्रतीत हो रहा है।
उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड में हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है। हालांकि, बर्फबारी के अलावा बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। खासकर, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के बाद सर्दी की एंट्री हो गई है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। इसी प्रकार जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बर्फबारी से पारा लगातार गिर रहा है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा है?
हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों की भारी बर्फबारी और बारिश से सर्दी का एहसास बढ़ने लगा है। भारी बर्फबारी के कारण सेब की खेती पर बुरा असर पड़ा है। कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, मंडी, कांगड़ा और शिमला में बर्फ की चादर बिछी है, जिससे लाहौल स्पीति का न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, शिमला में न्यूनतम तापमान 9 और मनाली में 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह हाईवे दारचा और सरचू के मध्य यातायात के लिए बंद है। वहीं, कोकसर से पलचान, रोहतांग दर्रे से मनाली, कोकसर से कुंजुम टॉप तक सड़कें बर्फबारी के कारण बंद हैं। आईएमडी के मुताबिक, अब यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
तमिलनाडु का मौसम
दक्षिण भारत में मौसम की मार जारी है। मानसून की सक्रियता से तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के नीलगिरी स्थित ऊटी हिल स्टेशन पर भीषण बारिश ने सड़कें नदी में बदल गईं। मौसम विभाग ने नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड के कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कोलकाता का मौसम
कोलकाता और इसके आसपास के जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। आईएमडी ने आईएमडी ने अगले सप्ताह से पश्चिम बंगाल में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान जताया है। अगले तीन से चार दिनों तक राज्य में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार सुबह तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में एक या दो स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।
FAQs
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
दिल्ली में पॉल्यूशन का लेवल बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर की वायु गुणवत्ता खतरनाक श्रेणी की ओर बढ़ रही है। एक्यूआई 139 पहुंच गया है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई “अच्छा”, 51 से 100 तक “संतोषजनक”, 101 से 200 तक “मध्यम”, 201 से 300 तक “खराब”, 301 से 400 तक “बहुत खराब” और 401 से 500 तक “गंभीर” माना जाता है।
ठंड कब से शुरू होगी
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों में बर्फबारी के असर से 15 अक्टूबर तक या दिवाली के आसपास से गुलाबी सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा। हालांकि, अच्छी खासी ठंड का मौसम मध्य नवंबर से शुरू होगा, क्योंकि ला नीना (La Niña) की स्थिति बनने की संभावना है। यह दौर फरवरी के मध्य तक जारी रह सकता है।
कल दोपहर का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम में उतार चढ़ाव होने से कल दोपहर को मौसम सुहावना रहेगा। तापमान में तेजी से गिरावट के कारण सुबह शाम ठंडक का एहसास होगा।
कब तक रहेगा मानसून?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 अक्टूबर तक पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश होने की संभावना है। मुंबई और कोलकाता से 15 अक्टूबर तक मानसून के वापसी का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, दक्षिण और पश्चिम में हल्की से मध्यम बारिश सर्दी बढ़ाएगी।
येलो, ऑरेंज और ग्रीन अलर्ट क्या होता है?
मानसूनी सीजन में अधिकतर येलो, ऑरेंज, रेड और ग्रीन अलर्ट का जिक्र होता है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए 4 रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश.... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं। इस हिसाब से लोगों से अपील की जाती है बचाव एवं सुरक्षा के उपाय पेश किए जाते हैं।
