कल का मौसम : मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जारी कते हुए कई राज्यों में भारी बारिश की बात कही है। खासकर, उत्तर भारत में अब मॉनसून रफ्तार पकड़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में बादलों की आवाजाही रहेगी और गरज-चमक के साथ बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। आईएमडी ने पहाड़ी हिस्सों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार पानी बरसने का अलर्ट जारी किया है। कई हिस्सों पर लैंडस्लाइड और बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर भारत में डीप डिप्रेशन के कारण भारी से भारी वर्षा होने का अनुमान है, जिससे नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की बात कही है। वहीं दक्षिण भारतीय राज्यों में मॉनसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम आज-कल
यूपी में कल कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून में अब तक सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगस्त की शुरुआत में मानसून के फिर सक्रिय होने का अनुमान जताया है, लेकिन वर्षा पर निर्भर क्षेत्रों में मिट्टी की नमी और बुआई की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में धान की रोपाई तथा मक्का, दलहन और तिलहन जैसी फसलों की बुआई के लिए जुलाई महत्वपूर्ण महीना होता है। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ और उससे सटे ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों की ओर बढ़ा है, जिससे मध्य भारत में मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं। इस मौसम प्रणाली के कमजोर पड़ने के बाद मानसून के उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है, जिससे अगस्त के शुरुआती दिनों में पूरे राज्य में इसकी गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटे तक बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से लगभग एक डिग्री अधिक है। विभाग ने दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक 113 दर्ज किया गया, जिससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ श्रेणी में रही। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून के असर से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अनेक हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के ज्यादातर भागों में अगले कुछ दिन मानसून के सक्रिय रहने और मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान जोधपुर संभाग के दक्षिणी भागों में 31 जुलाई से दो अगस्त के बीच कहीं-कहीं भारी से अति भारीबारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं। रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश होने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ स्थानों पर भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण-पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रियता से अच्छी-खासी बारिश हो रही है। आईएमडी ने इस सप्ताह केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप के अधिकांश भागों पर मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। प्रशासन ने समुद्री हिस्सों पर तूफानी हवाओं के खतरे के कारण दूर रहने की सलाह दी है। उधर, पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। स्काईमेट ने असम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड और छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। यहां अधिकांश नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से बाढ़ का खतरा जताया गया है। आईएमडी ने 30 जुलाई से एक अगस्त के बीच असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है, जिससे असम के तिनसुकिया, धेमाजी और लखीमपुर जिले प्रभावित हो सकते हैं।
