Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश भर में इस समय बारिश का दौर तेज होता जा रहा है। कई क्षेत्रों में आसमानी आफत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई राज्यों में नदियां उफान पर हैं और जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक और चिंता बढ़ाने वाला अलर्ट जारी किया है, जिसमें खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जब से सावन का महीना शुरू हुआ है मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना भी शुरू कर दिया है।
कल का मौसम 27 जुलाई 2025
राजधानी दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण व्यापक नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य महाराष्ट्र में कल अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं कल 27 जुलाई और 28 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों के भीतर मध्य भारत और देश के पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में मानसून के और अधिक सक्रिय होने की प्रबल संभावना है।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने शनिवार को राजधानी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, रोहिणी, नरेला, पीतमपुरा, बादली, मुंडका, पश्चिम विहार और पंजाबी बाग सहित दिल्ली के कई हिस्सों में कल बारिश हो सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 136 दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
यूपी में कल का मौसम
राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के बांदा, चित्रकूट, आगरा, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बलिया, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर और प्रयागराज में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
बिहार के इन जिलों में बारिश की उम्मीद
बात अगर बिहार के मौसम की करें तो शुक्रवार को राज्य में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी से काफी परेशानी हुई, हालांकि नदियों का बढ़ा जलस्तर आसपास के गांवों के लिए चिंता का विषय है। लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कल 27 जुलाई को पटना, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, गया, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, बक्सर, गोपालगंज और वैशाली सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
राजस्थान में कल के मौसम का हाल
राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में एक नए मौसमी सिस्टम के कारण भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। IMD जयपुर के अनुसार, झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों पर बना दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में आगे बढ़ सकता है। दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में कल 27 से 28 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी से अति भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 29 और 30 जुलाई को भी पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम
मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कल 27 जुलाई से 29 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं बात अगर उत्तराखंड की करें तो यहां पर 27 और 28 जुलाई को बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई क्योंकि बारिश के कारण इन इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है।
28 जुलाई का मौसम
मौसम विभार के मुताबिक, 28 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बात अगस तापमान की करें तो अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। सुबह के समय हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 किलोमीटर प्रति घंटा से कम की रफ्तार से चलेंगी, दोपहर में इनकी गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा से कम रहेगी और रात के समय बढ़कर 20 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हो सकती है।
29 जुलाई को मौसम कैसा रहेगा
IMD की वेदर रिपोर्ट के अनुसार, 29 जुलाई 2025 मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रहने की संभावना है। सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटा से कम की रफ्तार से चल सकती हैं, जो दोपहर में घटकर 15 किलोमीटर प्रति घंटा से कम और शाम/रात में घटकर 12 किलोमीटर प्रति घंटा से कम रह सकती हैं।
